ज्यादा प्रदूषित शहर में देश के 125 शहरों की सूची में मेरठ पहले नंबर पर
मेरठ,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) । पश्चिमी उप्र के प्रमुख जिलों के लोग प्रदूषित हवा में सांस ले रहे हैं। मेरठ का एक्यूआई यानी वायु सूचकांक इस समय 300 के पार पहुंच गया है। ऐसी ही स्थिति गाजियाबाद, बागपत और नोएडा के हवा की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी की गई देश के 125 प्रदूषित शहरों में मेरठ शहर पहले नंबर है। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 364 पर पहुंच गया है। जो बहुत ही घातक स्तर की खराब श्रेणी में आता है। लगातार प्रदूषित हो रही हवा के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी सूची में देश के 125 शहरों की सूची में मेरठ सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर में नंबर एक पर है। इसके बाद बागपत दूसरे और गाजियाबाद तीसरे नंबर पर रहा।
एनसीआर में प्रदूषित होती हवा ने लोगों का सांस लेना भी मुश्किल कर दिया है।वायु प्रदूषण की गुणवत्ता सुधारने के हो रहे प्रयासों के बावजूद मेरठ में एक बार फिर से प्रदूषण की स्थिति भयानक हो गई है। प्रदूषण के जानकारों का कहना है कि 300 से ऊपर प्रदूषण का स्तर पहुंचने पर वह बहुत ही खतरनाक स्थिति में आ जाता है। जबकि मेरठ का वायु प्रदूषण रविवार को 364 दर्ज किया गया।







