मुजफ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर बुल्डोजर का क़हर लगातार जारी है। जिसके चलते मुज़फ्फरनगर जनपद में जिला प्रशासन ने दो हिस्ट्रीशीटर भाईयों के कब्ज़े से लगभग एक करोड़ रूपये की ग्राम समाज की 800 वर्ग मीटर ज़मीन को बुल्डोजर चलवाकर खाली कराने का काम किया है। सीओ बुढ़ाना विनय कुमार गौतम के मुताबिक बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर कला में दो हिस्ट्रीशीटर भाई जकउल्लाह और शाहनवाज ने लम्बे समय से एक करोड़ रुपयों की 800 वर्गमीटर ग्राम समाज की सार्वजनिक भूमि पर अपना कब्ज़ा किया हुआ था, जिसकी जिला प्रशासन को जब सूचना मिली तो एसडीएम बुढ़ाना और सीओ बुढ़ाना के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसने मंगलवार को पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुँचकर बुल्डोजर की मदद से इस ज़मीन को कब्ज़ा मुक्त कराकर इन दोनों भाईयो पर धारा 431, 432 और 4/5 सार्वजनिक सम्पति अधिनियम के तहत  मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।  ये ज़मीन गौशाला के लिए चिन्हित की गई थी। लेकिन हिस्ट्रीशीटर दोनों भाईयों ने जबरन इस जमीन पर अपना कब्ज़ा करके ज़मीन की बाउंड्री करवाकर इसपर गेट लगा लिया था।  हिस्ट्रीशीटर दोनों भाई  इस समय जिला बदर चल रहे है।