दोनों देशों के बीच प्रमुख रक्षा साझेदारी भारत-अमेरिका साझेदारी के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक: राजनाथ सिंह
(न्यूज़ डेस्क)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन की वर्चुअल बैठक के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने अमेरिकी समकक्षों अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन के साथ बातचीत की। इस दौरान रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि दोनों देशों के बीच प्रमुख रक्षा साझेदारी भारत-अमेरिका साझेदारी के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत का अमेरिका के साथ रक्षा सहयोग बढ़कर 20 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है। उन्होंने कहा कि वह मेक इन इंडिया कार्यक्रमों में भाग लेने वाली अमेरिकी कंपनियों, शांतिपूर्ण और स्थिर भारत-प्रशांत क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण के लिए भी तत्पर हैं, रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि हिंद महासागर और व्यापक भारत-प्रशांत में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आग्रह किया कि एक नियम-आधारित भारत-प्रशांत क्षेत्र के नियम का पालन सभी को करना चाहिए। वहीं विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जिसमें दोनों पक्ष सहयोग नहीं कर रहे हों। अमेरिका के वाशिंगटन में भारत और अमेरिका के रक्षा और विदेश मंत्रियों के टू प्लस टू बैठक के चौथा दौर का आयोजन हुआ, जिसमें रक्षा सहयोग बढ़ाने, द्विपक्षीय व्यापार और नियम-आधारित भारत -प्रशांत क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया गया।







