धामी कैबिनेट में 5 नए मंत्री शामिल
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : भाजपा ने चुनाव से ठीक 9 महीने पहले शुक्रवार 20 मार्च को कैबिनेट का विस्तार करते हुए 5 नए विधायकों को धामी कैबिनेट में मंत्री बना दिया है. शुक्रवार को हुए ताजा कैबिनेट विस्तार में शामिल किए गए पांच नेताओं खजान दास, भरत चौधरी, राम सिंह कैड़ा, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा का राजनीतिक सफर और जनाधार उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है. प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं थी, जिन पर आज विराम लग गया। कैबिनेट विस्तार के जरिए मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रीय संतुलन साधने का भी प्रयास किया है. मंत्रिमंडल में मैदान और पहाड़ दोनों क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है. खास बात यह रही कि पहली बार हरिद्वार जिले को दो कैबिनेट मंत्री मिले हैं, जो क्षेत्रीय संतुलन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. शुक्रवार को लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास को शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। फिर विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। वर्तमान में कैबिनेट में पांच मंत्रियों के पद खाली हैं, जिनमें नए मंत्रियों की ताजपोशी की गई। ताजपोशी के लिए नए चेहरों का चयन विधायकों के पिछले चार साल के कामकाज का रिकॉर्ड देखकर किया गया है।
#UttarakhandDhamiCabinet #DhamiCabinet #cmpushkarsinghdhami #pushkarsinghdhami #cmdhami #Dehradunnews #Uttarakhandnews,






