पाकिस्तान में दो सिख व्यापारियों की गोली मारकर हत्या
(न्यूज़ डेस्क): पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात हमलावरों ने रविवार को दो सिख व्यापारियों की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार बाइक सवार दो लोगों द्वारा सुबह हमला किए जाने के बाद सलजीत सिंह (42) और रंजीत सिंह (38) की मौके पर ही मौत हो गई. विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के पेशावर में दो सिख व्यापारियों की हत्या की निंदा करते हुए पड़ोसी देश से कड़ा विरोध जताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने घटना के संबंध में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की यह घटना पहली और अपवाद नहीं है। भारत में सिख समुदाय और समाज के विभिन्न वर्गों में इस वारदात पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की है। पुलिस ने बताया कि ये दोनों लोग मसालों का कारोबार करते थे और पेशावर से लगभग 17 किलोमीटर दूर सरबंद के बाटा ताल बाजार में उनकी दुकानें थीं. अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान ने हमले की कड़ी निंदा की है.पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है.







