जम्मू कश्मीर में टारगेट किलिंग, आतंकियों ने बैंक कर्मचारी को बनाया निशाना
(न्यूज़ डेस्क): कश्मीर में हिन्दुओं पर आतंकियों के हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं, जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने एक बैंक कर्मचारी को निशाना बनाया है. आतंकियों ने इस बार कश्मीरी पंडित के बजाए राजस्थान निवासी बैंक कर्मचारी को गोली मार कर हत्या की है. इस आतंकी हमले में बैंक मैनेजर विजय कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. जानकारी के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के आरेह गांव में गुरुवार को आतंकवादी एक बैंक में घुस गए. वहां पर उन्होंने बैंक मैनेजर को गोलियों से भून डाला और मौके से फरार हो गए. इससे पहले आतंकियों ने कुलगाम में ही हिंदू महिला टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी थी. जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में कश्मीर में टारगेट किलिंग के मामले बढ़े हैं, गैर-कश्मीरियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है.







