समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए गठित समिति की हुई बैठक
नई दिल्ली/देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : उत्तराखण्ड राज्य में समान नागरिक संहिता के ड्राफ्ट के लिए गठित विशेषज्ञ समिति की दूसरी बैठक नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड सदन में हुई । न्यायाधीश (सेवानिवृत) रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय कानूनों, उत्तराखण्ड राज्य अधिसूचना, विधि आयोग की रिपोर्ट इत्यादि पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया। बैठक में समिति के सदस्य न्यायाधीश (सेवानिवृत) प्रमोद कोहली, शत्रुघ्न सिंह, आई०ए०एस० (सेवानिवृत), सुरेखा डंगवाल, कुलपति दून विश्वविद्यालय, मनु गौर, सामाजिक कार्यकर्ता और सदस्य सचिव अपर स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा उपस्थित थे। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए गठित विशेष समिति करीब साढ़े तीन घंटे तक देश के नागरिक कानूनों व विधि आयोग की रिपोर्टों पर गहन चर्चा हुई। माना जा रहा है कि समिति की अभी कुछ और शुरुआती बैठकें विचार-विमर्श और मंथन में गुजरेंगी। समिति के एक सदस्य के मुताबिक, बैठक में अभी निर्णय जैसी कोई बात नहीं है। समिति का मौजूद कानूनों व विधि आयोग की रिपोर्टों पर विचार-विमर्श और अध्ययन पर फोकस है।







