अखिलेश अपने परिवार को नहीं संभाल पा रहे हैं तो हमें कहां से संभालेंगे: राजभर
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : यूपी चुनाव के बाद से ही सपा गठबंधन में पड़ी दरार बढ़ती जा रही है. सपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य अलग अलग हो चुके हैं. वहीं, सपा के पत्र आने के बाद शिवपाल सिंह यादव और ओमप्रकाश राजभर की अखिलेश यादव से सियासी दोस्ती टूट गई है, राजभर ने कहा कि सपा से गठबंधन टूट चुका है, अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल और भाभी अपर्णा यादव तक को नहीं संभाल पाए. अखिलेश अगर अपने परिवार को नहीं संभाल पा रहे हैं तो हमें कहां से संभालेंगे, वो अपने सामने किसी की नहीं सुनते हैं. सपा कार्यालय की ओर से शनिवार को ओम प्रकाश राजभर को चिट्ठी लिखी गई है. राजभर को लिखे पत्र में कहा गया है कि आपका भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूत गठजोड़ है और आप लगातार बीजेपी को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं. अगर आपको लगता है कि कहीं ज्यादा सम्मान है तो वहां जाने के लिए स्वतंत्र हैं. इस तरह तीन छोटे दलों के साथ अखिलेश यादव का गठबंधन टूट चुका है और अब उनके साथ सिर्फ जयंत चौधरी की पार्टी आरएलडी ही बची है.







