(स्पोर्ट्स डेस्क): टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज के दूसरे मैच में 2 विकेट से हरा दिया. टीम इंडिया ने इस मुकाबले में रोमांचक जीत के साथ ही वनडे सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है. भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपने दम पर टीम इंडिया को जीत दिला दी है. अक्षर ने इस मैच में छक्का मारकर टीम को जीत दिला दी. अक्षर ने इस मैच में नाबाद 64 रनों की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 5 छक्के निकले. अक्षर के अलावा श्रेयस अय्यर ने भी 63 रनों की पारी खेली. वहीं 54 रन संजू सैमसन के बल्ले से निकले, शार्दुल ठाकुर ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 3 विकेट झटके. वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 311 रन बनाए. इस दौरान शाई होप ने शतकीय पारी खेली. उन्होंने 135 गेंदों का सामना करते हुए 115 रन बनाए. होप की इस पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. जबकि निकोलस पूरन ने 77 गेंदों का सामना करते हुए 74 रन बनाए. पूरन ने 6 छक्के और एक चौका लगाया. मेयर्स ने 39 और ब्रूक्स ने 35 रनों का योगदान दिया. पॉवेल 13 रन बनाकर आउट हुए.