देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): धामी सरकार ने प्रदेश में निगम और नगर निकाय कर्मियों को महंगाई भत्ता बढ़ाकर तोहफा दिया है. सचिवालय से जारी हुए आदेशों में कहा गया है कि पांचवें, छठे और सातवां वेतनमान का लाभ लेने वाले कर्मियों के लिए महंगाई भत्ता बढ़ाया गया है. इस आदेश के बाद राज्य भर के लगभग 45,000 कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा.  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते दिनों राज्य कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता बढ़ाकर यह संदेश देने की कोशिश की थी कि कर्मचारियों के साथ राज्य सरकार हमेशा है. इसके साथ ही नगर निगम और नगर निकाय के कर्मचारी लगातार यह मांग कर रहे थे कि राज्य सरकार उनकी तरफ ध्यान नहीं दे रही है. जबकि महंगाई की मार कर्मचारी भी सह रहे हैं. यह मामला बोर्ड में गया और बोर्ड के बाद अब शासन ने इस पर फैसला लेते हुए शासनादेश जारी किया है. सचिव पंकज पांडे ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा है कि सभी कर्मचारियों को 1 जनवरी 2022 से 3% बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा. सरकार के इस फैसले के बाद कर्मचारियों ने राज्य सरकार का धन्यवाद भी किया है.