मुजफ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। जिला पंचायत के कोटे से निर्मित लछेड़ा गांव में 4 दिन पहले बना नाला बारिश के पानी में बह गया। बताया जा रहा है कि इस सिमिंटेड नाले का निर्माण जिला पंचायत सदस्य सचिन करानिया की निधि से 16 लाख रुपयों की लागत से गांव लछेड़ा में हुआ था। विगत 16 जुलाई को नाले का शिलान्यास किया गया था और महज 4 दिन बाद ही आज झमाझम बारिश शुरू हुई, वैसे ही इस नाले की हालत पतली होने लगी और देखते ही देखते कुछ ही देर में पूरा नाला टूटकर बरसात के पानी में बह गया। महज 4 दिन के अंदर इस तरह से नाले का टूट जाना, कहीं ना कहीं भ्रष्टाचार की तरफ इशारा करता है। माना जा रहा है कि नाले के निर्माण में मानक के अनुसार सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया। विकास कार्य ना दिए जाने को लेकर विपक्षी सदस्यों के निशाने पर रहने वाली जिला पंचायत के इस कारनामे को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।  जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ जांच शुरू कर दी गयी है, मौके पर जाँच टीम भेज दी गई  है।