भारत की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए बुमराह
(स्पोर्ट्स डेस्क) : बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप से औपचारिक तौर पर बाहर कर दिया है. बीसीसीआई जल्द ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट का ऐलान करेगा. कुछ दिनों पहले BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली और कोच राहुल द्रविड़ को उम्मीद थी कि जसप्रीत बुमराह टी20 वर्ल्ड कप के लिए आखिरी समय तक कुछ फिट हो सकते हैं, लेकिन अब बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने ऐलान किया है कि जसप्रीत बुमराह अब पूरी तरह टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके हैं. जसप्रीत बुमराह पीठ दर्द की गंभीर समस्या से परेशान हैं और उन्हें महीनों तक टीम से बाहर रहना पड़ सकता है. जसप्रीत बुमराह तीसरी बार स्ट्रेस फ्रैक्चर के शिकार हुए हैं. जसप्रीत बुमराह को इससे पहले 2019 में पहली बार स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ था. फिर इसी साल जुलाई में और अब सितंबर में उन्हें बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया.







