सिसौली में बाबा महेन्द्र सिंह टिकैत की 87वीं जयंती, जयंत चौधरी के साथ-साथ कई अन्य नेताओं का लगा जमावड़ा
सिसौली,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। किसानों की राजधानी कही जाने वाले सिसौली में गुरुवार को किसानों की लड़ाई लड़ने वाले स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 87 वी पुण्यतिथि किसान भवन में किसान मजदूर अधिकार दिवस के रूप में मनाई गई। चौ. महेन्द्र सिंह टिकैत की 87वीं जयंती पर किसान भवन पर हवन और यज्ञ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ-साथ कई अन्य नेताओं ने किसान भवन में पहुंचकर किसान मसीहा बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में किसान भी सिसौली गांव में पहुंचे थे जिन्होंने बाबा टिकैत की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। देश के कई राज्यों से आए किसानों और किसान नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद चौधरी जयंत सिंह, हरियाणा की जननायक जनता पार्टी के अजय चौटाला, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और राष्ट्रीय लोकदल के जनपद के चारों विधायक राजपाल सिंह बालियान, अनिल कुमार, चंदन चौहान, पंकज मलिक के अलावा जनपद शामली के विधायक प्रसन्न चौधरी और अशरफ अली खान भी मौजूद रहे, जिन्होंने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि दी। चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत सभी किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है, लेकिन उनकी लड़ाई सभी किसान बिरादरी को मिलकर लडऩी होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोरना मिल के विस्तार का वादा किया था, लेकिन अपने वादे पर खरे नहीं उतरे, उसी को लेकर आने वाली 19 अक्टूबर को गन्ने बिजली व मिल के विस्तार को लेकर मोरना मिल पर पंचायत का आयोजन किया जाएगा। चौधरी जयंत सिंह ने ग्राम सावटू में 40 बीघा भूमि पर स्टेडियम बनवाने की घोषणा की। चौधरी जयंत सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने त्यौहारों के बीच बड़ा उपहार दिया है। कृषि कार्य, माल ढोने वाले वाहनों में सवारी बैठाने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी बैठाने पर कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। एडीजी ट्रैफिक ने सभी जिलों को 10 हजार रुपए का चालान करने, वाहन सीज करने के निर्देश दे दिए हैं।
भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि चौधरी देवीलाल की तीन पीढिय़ों से हमारे अच्छे संबंध है। उन्होंने एक बार मुश्किल वक्त में ढाई सौ ट्रांसफार्मर भिजवाए थे और उन्हें चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत से इतना लगाव था कि उन्होंने उन्हें जीप भेंट की थी। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि वक्ताओं ने लगभग सभी बातें कह दी है, मैं किसानों से यही कहना चाहता हूं कि हम सभी को संगठित होकर किसानों के हक की लड़ाई लडऩी होगी।
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार भीमराव अंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। सरकार की नीतियां किसान विरोधी है। उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामली जिले के ट्रैक्टर गए थे, सरकार ने उन किसानों को नोटिस भेजा है। आने वाली 17 अक्टूबर को शामली जिले में ट्रैक्टर से रैली निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी ट्रैक्टर भौराकलां थाने से होकर जाएंगे। सरकार ने ट्रैक्टर पर पाबंदी लगाई है यह किसान विरोधी कानून सबसे पहले किसान ही तोड़ेगा। उन्होंने 26 नवंबर को लखनऊ में एक बड़ा आंदोलन करने की बात भी कही।







