भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पर्थ की तेज पिच पर रविवार को होगा मुकाबला
(स्पोर्ट्स डेस्क) : टी20 विश्व कप 2022 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पर्थ की तेज और उछाल वाली पिच पर सुपर 12 का मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। भारत अब तक पाकिस्तान और नीदरलैंड्स पर जीत दर्ज कर ग्रुप दो में शीर्ष स्थान पर है जबकि दक्षिण अफ्रीका तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका का जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। हालांकि दक्षिण अफ्रीका जीतने की स्थिति में था। भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने मैच की पूर्वसंध्या पर कहा, "हमारे पास हार्दिक पांड्या को मिलाकर चार तेज गेंदबाज हैं। हम अपनी एकादश की घोषणा कल परिस्थितियों को देखकर करेंगे। हम अभी तक बैठकर चर्चा नहीं कर पाए हैं। एक बार जब हम परिस्थितियों को देख लेंगे तो फिर चर्चा हो जायेगी और उसके बाद हम हम अपनी इलेवन चुन लेंगे।" राठौड़ ने कहा, "हम रविवार को पर्थ में दूसरा मैच खेलेंगे। इससे हमें अंदाजा हो जाएगा कि विकेट कैसा व्यवहार कर रहा है। इसी बात के मद्देनजर सभी फैसले लिए जाएंगे।" कोच ने संकेत दिया कि के एल राहुल भारतीय पारी की शुरूआत करेंगे चाहे वह पहले दो मैचों में फ्लॉप रहे थे लेकिन सितम्बर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने नाबाद 51 और 57 रन की शानदार पारियां खेली थीं। भारतीय बल्लेबाजों को दक्षिण अफ्रीका के तेज आक्रमण से सतर्क रहना होगा।







