मुजफ्फरनगर/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनैतिक पार्टियां क्षेत्र की जनता को हरसंभव तरीके से लुभाने का प्रयास कर रही हैं। उपचुनाव को लेकर जहां भाजपा नेता अब तक कई रैलियों को संबोधित कर चुके हैं, वहीं गठबंधन से रालोद प्रत्याशी मदन भैया भी खतौली में अपने लिए नई सियासी जमीन तलाशने में जुटे हैं। रालोद प्रत्याशी को जिताने के लिए रालोद अध्यक्ष खुद एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। रालोद अध्यक्ष जयंत चैधरी ने खतौली में ही डेरा डाला हुआ है। सोमवार को जयंत तीनों गांवों में बारी-बारी लोगों के घर पहुंचे और उन्हें मतदाता पर्ची बांटीं।

रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने तथा चुनाव प्रचार तेज करने के लिए उनसे मुलाकात की और घर-घर जाकर मतदाता पर्ची बांटी। उन्होंने सभी से आने वाली पांच तारीख में गठबंधन के प्रत्याशी को समर्थन की अपील की। चौधरी जयंत ने चुनाव प्रचार तेज करने और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र के गांव मंसूरपुर, फहीमपुर रोड, गांव खोकनी में मीरापुर रोड़ और बिहारीपुर के कलावडा रोड पर कार्यकताओं से मुलाकात की एवं मतदाता पर्ची का वितरण किया। रालोद अध्यक्ष द्वारा किए गए पर्ची वितरण कार्यक्रम से कार्यकर्ताओं में अच्छा खासा उत्साह बना। उन्होंने गठबंधन से रालोद के प्रत्याशी मदन भैया के समर्थन में वोट मांगा। 

जयंत चौधरी ने कहा कि उनके पिता चौधरी अजित सिंह ने मुजफ्फरनगर से लोकसभा का चुनाव लड़ा था, उनकी हार भले ही हुई, लेकिन वह यहां पर भाईचारा जिता कर गए हैं। रालोद अध्यक्ष ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी पर एक सीट जीतने के बाद कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन वह हार गए तो क्षेत्र की जनता को बहुत कुछ मिल जाएगा। उनका अहंकार टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की बात करती है, लेकिन पिछले वर्ष के मुकाबले अभी तक गन्ना मूल्य तय नहीं हो सका है। भाजपा जनता को अपनी वोट समझती हैं, लेकिन हमारा मकसद आपसी भाईचारा और एकता का है, इसलिए सर्वसमाज को एकजुट होने का समय है। जिन लोगों ने नफरत फैलाने का काम किया, वह संस्कार और सभ्यता की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रत्याशी बाहरी नहीं है, बल्कि भारी है।

#Khatauli assembly by-election,