यूपी में पशुओं को छुट्टा छोड़ने वालों के खिलाफ होगी कार्यवाही, 20 जनवरी से चलेगा अभियान
लखनऊ, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रदेश में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश संरक्षण के लिए 20 जनवरी से 20 फरवरी तक युद्धस्तर पर अभियान चलाकर गोवंश को आश्रय स्थलों में संरक्षित करने की बात कही हैं । उन्होंने कहा की इसके लिए जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारियों से सहयोग लिया जाएगा। पशुधन मंत्री ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने पशुओं को छुट्टा न छोड़ें और उनके प्रति संवेदनशील रहें। पशुओं को छोड़ देने पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जायेगी।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने निराश्रित गोवंश के संरक्षण के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि वह नियमित रूप से फील्ड में निरीक्षण करें। कहा कि इस कार्य के लिए प्रदेश को पूर्वी जोन तथा पश्चिमी जोन में विभाजित किया जाय। प्रत्येक जोन में नौ मण्डल होंगे। उन्होने कहा कि निदेशालय स्तर पर कन्ट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन संरक्षित गोवंश की जनपदवार समीक्षा की जाए। टोल फ्री नंबर 18001805141 एवं 0522-2741992 को निरन्तर क्रियाशील हो। जिससे लोग निराश्रित गोवंश के सम्बंध में सूचना दे सकें। पशुधन मंत्री ने कहा कि अधिकारी अपने निर्धारित लक्ष्यों को ससमय पूरा करें और अनुशासन में रहकर कार्य करें अन्यथा उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। मंत्री ने कहा कि गो संरक्षण कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाय और जिन स्थानों पर गौ आश्रय स्थल नही है, वहां अस्थायी गौ आश्रय स्थल बनाये जाने हेतु जिलाधिकारियों से सहयोग लिया जाय। कोई भी गोवंश निराश्रित या बेसहारा न रहने पाये। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोवंश के प्रति अत्यंत संवेदनशील है और गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन सरकार की प्राथमिकताओं में है।
#upnews,







