देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क):  उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या सम्मलित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में अलग अलग क्षेत्रो में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को बालिका दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है। हमारी सरकार ने बालिकाओ के लिए कई सारी योजनाए चलाई हैं जिसके जरिये वह स्वरोजगार कर खुद को सुदृढ़ बना सकती है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण विभाग के द्वारा कई सारी योजनाओं पर काम किया जा रहा है और कई सारी योजनाए चलाई जा रही है जिनका लाभ बालिकाओ को लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई विभिन्न योजनाएं हमारी बेटियों को और अधिक आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहयोग प्रदान कर रही हैं। राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने का प्राविधान किया है। उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व ही राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की 80 हजार बालिकाओं को 323 करोड़ रुपये की धनराशि “नंदा गौरा योजना“ के अंतर्गत हस्तांतरित की गई थी। जो निश्चित ही हमारी बेटियों के बेहतर भविष्य की नींव रखने में काम आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालयों मे बेटियों के नामांकन में बढ़ोतरी हुई है और लिंगानुपात में सुधार हुआ है, इससे स्पष्ट है कि बेटियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं सफल हो रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के मूलमंत्र को लेकर राज्य सरकार ने भी बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा,स्वास्थ और कौशल विकास तक के लिए विभिन्न योजनाएं प्रारंभ की हैं, जिनमें “महालक्ष्मी किट योजना“,“खुशियों की सवारी“ योजना, “नंदा गौरा“ योजना, “मुख्यमंत्री आंचल अमृत“ योजना,“मुख्यमंत्री महिला पोषण“ जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 2025 में उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती मनाएगा, उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उसमें हमारी बेटियों और मातृशक्ति की अहम भूमिका होगी।

 

वहीं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुझे यह कहते हुए बड़ा हर्ष हो रहा है कि हमारी बेटियां आज शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, स्वरोजगार,रक्षा सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के साथ कई नए कीर्तिमान गढ़ रहीं हैं। हमारी बेटियों ने उस धारणा को बदलने का काम किया है जहां यह कहा जाता था कि बेटियां सिर्फ गृहस्थी तक ही सीमित हैं, आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं हैं। आज बेटियों का योगदान बेटों से कम नही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के जरिए कहीं ना कहीं बच्चियों को एक बेहतर माहौल मिलता है । कहा कि आज बच्चियां अपने अलग अलग क्षेत्रो में बेहतरीन प्रदर्शन से देश के साथ राज्य का नाम भी रोशन करने का काम कर रही हैं।

राज्य सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही कुछ महत्वपूर्ण योजनाएं।

राज्य में महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत 2025 तक राज्य की 1.25 लाख महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत प्रथम दो बालिकाओं के जन्म पर माता और नवजात कन्या शिशु को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट दी जा रही है। खुशियों की सवारी योजना के माध्यम से गर्भवती महिला को अस्पताल तक लाने की व्यवस्था एवं बच्चे के जन्म के बाद जच्चा एवं बच्चा को घर तक ले जाने की व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है। नंदा गौरा योजना के तहत राज्य में गरीब कन्याओं के लिए राज्य सरकार द्वारा 51 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही बालिका के जन्म के समय माता- पिता को 11 हजार रूपये की धनराशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना के तहत मां और नवजात शिशु की साफ-सफाई एवं पोषण के लिए राज्य सरकार द्वारा मौसम के हिसाब से अलग-अलग किट प्रदान की जा रही है। राज्य में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के दृष्टिगत सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिए गौरा शक्ति एप बनाया गया है। गौरा शक्ति के अन्तर्गत स्व रजिस्ट्रेशन के अतिरिक्त महिलाएं ई-शिकायत भी दर्ज करा सकती हैं, साथ ही इसमें महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी और महत्वपूर्ण फोन नम्बर भी उपलब्ध हैं। इस अवसर पर राजपुर विधायक खजानदास,कैंट विधायक सविता कपूर ,महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल,निदेशक खेल जितेंद्र सोनकर सहित अधिकारीगण,कर्मचारी एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।

#NationalGirlChildDay, #cmpushkarsinghdhami, #pushkarsinghdhami, #dehradunnews, #uttarakhandnews ,,,