(स्पोर्ट्स डेस्क) : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारतीय टीम पहली पारी में केवल 109 रन बनाकर सिमट गई थी. ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों ने कमाल की गेंदबाजी की जिसके कारण भारतीय बल्लेबाज एक के बाद एक पवेलियन लौटते चले गए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से युवा स्पिनर मैथ्यू कुहेनमैन ने कहर बरपाया और 5 विकेट लेने में सफल रहे. इसके अलावा नाथन लियोन ने 3 विकेट लिए. टॉड मर्फी एक विकेट लेने में सफल रहे. भारत का एक बल्लेबाज रन आउट हुआ. भारत की ओर से पहली पारी में सबसे ज्यादा रन विराट कोहली (22) ने बनाए.  बता दें कि भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था. इंदौर की पिच पर टीम इंडिया का ऐसा बुरा हाल देखकर सोशल मीडिया पर फैंस ने जबरदस्त गुस्सा उतारा है.

टीम इंडिया शुरुआती दो टेस्ट जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है. लेकिन यह मुकाबला भी दोनों टीमों के लिए काफी अहम है. अगर इंडिया इस मैच को जीतने में कामयाब रहती है तो वो ना सिर्फ आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन बन सकती है बल्कि आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी उसकी जगह पक्की हो जाएगी. 

#IND vs AUS, #Indore Test,