खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि वह नार्को टेस्ट या लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. बीजेपी सांसद ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि मैं अपना नार्को टेस्ट, पॉलिग्राफी टेस्ट या लाइ डिटेक्टर टेस्ट करवाने के लिये तैयार हूं, लेकिन मेरी शर्त है मेरे साथ विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया का भी टेस्ट होना चाहिए.  बजरंग और विनेश उन पहलवानों में से हैं, जो बृजभूषण द्वारा महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के खिलाफ धरना दे रहे हैं। वे बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 23 अप्रैल से ही दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें किसानों, खाप पंचायतों सहित कई संगठनों का समर्थन मिल रहा है। बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिये अपनी बात रखी. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मैं आज भी अपनी बात पर कायम हूं और हमेशा कायम रहने का देशवासियों को वादा करता हूं. इसके साथ ही उन्होंने पोस्ट में रामचरित मानस की चौपाई 'रघुकुल रीत सदा चली आयी, प्राण जाये पर वचन न जाई' भी लिखी.

#WrestlersProtest,#BrijBhushanSharanSingh,#BajrangPunia,#VineshPhogat,