बृजभूषण शरण सिंह के आवास पर पहुँची दिल्ली पुलिस, गवाहों के बयान किए दर्ज
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले की जांच कर रही एसआईटी गोंडा में सांसद बृजभूषण सिंह के पैतृक निवास पहुंची, जहां कई लोगों के बयान दर्ज किए गए. गोंडा जिले में नवाबगंज थाना अंतर्गत विश्नोहरपुर में यौन शोषण के आरोपी भाजपा सांसद का पैतृक निवास है। पुलिस ने वहां 12 लोगों के बयान दर्ज किए। एसआईटी देश के साथ ही विदेशों में कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान लगे आरोपों की जांच कर रही है। हालांकि पहलवान लगातार सवाल उठा रहे हैं कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक बृजभूषण सिंह के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई. वहीं दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. बयान दर्ज करने के बाद सोमवार देर रात 11:30 बजे पुलिस टीम गोंडा से दिल्ली के लिए रवाना हुई. बता दें कि विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया के नेतृत्व में तमाम पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. साक्षी मलिक, विनेश फोगट और बजरंग पूनिया सहित शीर्ष पहलवान बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर 23 अप्रैल से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
#BrijBhushanCase,#WrestlersProtest,#Brij Bhushan Singh,







