(स्पोर्ट्स डेस्क) : टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन के फाइनल मैच में 209 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा. ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ खिताब पर कब्जा किया. भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हारी है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 469 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया 296 रन पर सिमट गई थी और पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को 173 रन की बढ़त मिली थी। ऑस्ट्रेलिया ने 270 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित की और भारत के सामने 444 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में भारतीय टीम 234 रन पर सिमट गई और मैच 209 रन से हार गई। लंदन में खेले गए मुकाबले में रविवार को ऑस्ट्रेलिया ने 209 रनों के बड़े अंतर से भारत को हराकर पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. गौरतलब है कि फाइनल में भारत का बैटिंग ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा.

टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने इस मैच में शर्मनाक प्रदर्शन किया। खासकर शीर्ष चार ने तो पूरी तरह शर्मसार किया। शुरुआती चार में से किसी बल्लेबाज ने दोनों पारियों में अर्धशतक नहीं लगाया। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। रोहित शर्मा से लेकर विराट कोहली तक फेल रहे। टेस्ट के स्पेशलिस्ट चेतेश्वर पुजारा का बल्ला खामोश रहा। भारतीय टीम एक बार फिर आईसीसी टूर्नामेंट जीतने के करीब पहुंची और हार गई। टीम इंडिया के फैंस का दिल 10 साल में नौवीं बार टूटा है। भारत पिछली बार 2013 में कोई आईसीसी टूर्नामेंट जीत पाया था। तब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में उसने चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया था। उसके बाद से नौ आईसीसी इवेंट में टीम हारी है। 

#WTC Final,#WTC Final2023,#BCCI,#Team India,#IND vs AUS Final,