ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी का बड़ा आरोप, भारत में ट्विटर बंद करने की मिली थी धमकी
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने एक इंटरव्यू में केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं, दरअसल एक इंटरव्यू के दौरान जैक डोर्सी ने बताया कि किसान आंदोलन के दौरान भारत सरकार ने ट्विटर पर आलोचना करने वालों के अकाउंट सस्पेंड करने का दबाव बनाया था. डोर्सी ने दावा किया कि भारत सरकार की तरफ से उन पर दबाव बनाया गया और ट्विटर को भारत में बंद करने की भी धमकी दी गई। बता दें कि एक यूट्यूब चैनल 'ब्रेकिंग पॉइंट्स' ने ट्विटर के पूर्व सीईओ जैक डोर्सी का इंटरव्यू किया। इस दौरान उनसे कई सवाल पूछे गए। इन्हीं सवालों में एक सवाल ये था कि क्या कभी किसी सरकार की तरफ से उन पर दबाव बनाने की कोशिश की गई? इसके जवाब में डोर्सी ने बताया कि ऐसा कई बार हुआ और डोर्सी ने भारत का उदाहरण दिया। डोर्सी ने कहा कि 'सरकार की तरफ से उनके कर्मचारियों के घरों पर छापेमारी की बात कही गई। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने पर ऑफिस बंद करने की भी धमकी दी गई। डोर्सी ने कहा कि यह सब भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में हुआ'।
अब इस मामले में मोदी सरकार के मंत्री ने जवाब दिया है. आईटी मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को ट्विटर के पूर्व सीईओ जैक डोर्सी के इस दावे का जोरदार खंडन किया कि किसानों के विरोध के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भारत सरकार के दबाव में आया था। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने जैक डोर्सी के इस बयान को झूठा बताया है और कहा है कि ट्विटर ने हर बार भारतीय कानूनों का उल्लंघन किया. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डॉर्सी के कार्यकाल में ट्विटर और उनकी टीम लगातार भारतीय कानूनों का उल्लंघन कर रही थी. चंद्रशेखर के मुताबिक, ट्विटर ने 2020 से लेकर 2022 तक कई बार नियम तोडे़ थे.
#Twitter,#Jack Dorsey Interview,#Jack Dorsey,







