खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): विपक्षी दलों की बैठक बेंगलुरु में आज खत्म हो गई है. इसमें विपक्षी महागठबंधन को 'इंडिया' नाम दिया गया. इंडिया का पूरा नाम होगा- इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस। बैठक में शामिल विपक्षी दलों के कई नेताओं ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। विपक्षी दलों के गठबंधन की बैठक में विपक्ष के सभी दिग्गज नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमला बोला. बैठक के बाद एक साझा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमारी एकता को देखकर मोदी जी ने 30 पार्टियों की बैठक बुलाई है. पहले वे अपने गठबंधन की बात तक नहीं करते थे.

वहीं राहुल गांधी ने कहा कि लड़ाई भाजपा की विचारधारा और उसकी सोच के खिलाफ है, वो देश पर आक्रमण कर रहे हैं. देश की आवाज को कुचला जा रहा है. यह लड़ाई देश की आवाज के लिए है. लड़ाई राजग और ‘इंडिया’ के बीच है, मोदी और ‘इंडिया’ के बीच है, उनकी विचारधारा और ‘इंडिया’ की अवधारणा की लड़ाई है.. वहीं ममता बनर्जी ने कहा कि हमारे गठबंधन में 26 पार्टियां हैं. इंडिया को बचाना है, देश को बचाना है...भारत जीतेगा, इंडिया जीतेगा, देश जीतेगा, भाजपा हारेगी. विपक्षी दलों की बैठक में उद्धव ठाकरे ने कहा कि कुछ लोगों को लग रहा है कि हम परिवार के लिए लड़ रहे हैं, हां यह देश हमारा परिवार है और हम देश को बचाने के लिए लड़ रहे हैं. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम देश को बचाने के लिए और नए भारत को बनाने के लिए एकत्र हुए हैं. इस दौरान कई नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि बेंगलुरु में बैठक का उद्देश्य देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाना है. विपक्षी दलों की पिछली बैठक 23 जून को पटना में हुई थी.

#JDU,#NitishKumar,#oppositionmeeting,#bengaluru,#MahaGathbandhan,#NDA Vs Opposition Meeting,#Opposition Meeting,#INDIA,,