देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): प्रदेशभर में लगातार हो रही बारिश ने परेशानी खड़ी कर दी है। उत्तराखंड में मंगलवार को लगातार पांचवें दिन भी मूसलधार वर्षा जारी हैं। जिससे जन-जीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त हो गया है। वहीं चारधाम यात्रा भी प्रभावित हो रही है। भूस्खलन और मलबा आने से गंगोत्री-यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे बंद हो गए हैं। वही हरिद्वार में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। बारिश से भारी जलभराव हुआ है। जिस कारण कांवड़ यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में अतिवृष्टि के चलते हरिद्वार में गंगा उफान पर है। मंगलवार को बारिश के कारण मलबा आने से गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे कई जगहों पर बंद हो गया। जिससे हजारों यात्री विभिन्‍न जगहों पर फंसे हुए हैं। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पांच और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग आठ स्थानों पर अवरुद्ध है। रविवार की देर शाम से उत्तरकाशी जनपद में वर्षा जारी है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग व यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जनपद के 40 से अधिक संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं।

देहरादून में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी वर्षा के आसार हैं। देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, चंपावत व बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। रुड़की व आसपास के क्षेत्रों में सोमवार की देर रात से हो रही वर्षा की वजह से जलभराव की स्थिति भयावह हो गई है। कई कालोनियां पानी का टापू बन गई हैं। यहां तक कि रुड़की का तहसील मुख्यालय भी चारों तरफ से पानी से घिरा हुआ है। आवागमन बाधित हो गया है। इसके अलावा भगवानपुर क्षेत्र के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है। क्षेत्र के गांव का आपस में संपर्क टूट गया है। 

देर रात गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण यात्रियों के वाहन गंगनानी के समीप खड़े थे। तभी अचानक भूस्खलन हो गया और पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा एक टेम्पो ट्रेवल्स सहित तीन वाहनों पर गिर गया। मलबे में तीन वाहन दब गए। जिसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी यात्री मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। चूंकि पहाड़ी से रुक रुककर मलबा और बोल्डर आ रहे हैं और तेज बारिश हो रही है। जिस कारण रेस्क्यू अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मलबे की जद में आए तीनों वाहन में कुल 31 लोग सवार थे। वाहन में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित है।

#Monsoon Heavy Rain,#dehradunnews,#uttarakhandnews,#Chardham Yatra 2023,#uttarakhand weather,#weather news,#Rain in Uttarakhan,#Heavy Raind,