अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर प्राथमिकता के अनुसार कार्यवाही करने के दिए निर्देश
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सभी विधायकों से अपने-अपने क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए मांगे गए 10-10 प्रस्तावों तथा मुख्यमंत्री द्वारा की गई कुल 110 घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। एसीएस ने उक्त प्रस्तावों एवं मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर शीर्ष प्राथमिकता के अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों से माननीय विधायकों के प्रस्तावों की उपयुक्तता के संबंध में प्राप्त आख्याओं के आधार पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इसके साथ एसीएस राधा रतूड़ी ने समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विधायकों के जिन प्रस्तावों के संबंध में प्रारंभिक परीक्षण में कुछ तकनीकी दिक्कतें परिलक्षित हुई हैं, उनके संबंध में संबंधित विधायकों से चर्चा करते हुए तत्काल यथोचित प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, हरीचंद सेमवाल, अपर सचिव विनीत कुमार, डॉ. अमनदीप कौर, सी. रविंशकर, जगदीश काण्डपाल तथा सम्बन्धित विभागों के अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
#dehradunnews,#Uttarakhandnews ,






