(स्पोर्ट्स डेस्क): भारत को वेस्टइंडीज की उस टीम से हार का सामना करना पड़ा, जो वनडे विश्व कप के लिए क्वालिफाई भी नहीं कर पाई है, वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी खराब रहा और एक बड़ी हार का सामना करना पड़ा. इस तरह 3 वनडे मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है.  कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम देने का टीम प्रबंधन का फैसला बुरी तरह उलटा पड़ गया. इन दोनों की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत शानदार थी। ईशान किशन और शुभमन गिल की जोड़ी ने पावरप्ले में कोई विकेट नहीं गिरने दिया और टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 90 रन की शानदार साझेदारी की। लेकिन इसके बावजूद भी भारतीय टीम 40.5 ओवर में 181 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज को जीत के लिए 182 रनों का लक्ष्य मिला था. कैरेबियन टीम ने 36.4 ओवर में 4 विकेट पर 182 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. वेस्टइंडीज के लिए कप्तान शाई होप ने सबसे ज्यादा नाबाद 63 रन बनाए. जबकि कैची कार्टी 48 रन बनाकर नाबाद लौटे. दोनों खिलाड़ियों के बीच पांचवें विकेट के लिए 91 रनों की पार्टनरशिप हुई. 

#IND vs WI,#IND vs WI 2nd ODI,#Team India,#BCCI,