वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारतीय टीम का एलान
(स्पोर्ट्स डेस्क) : बीसीसीआई ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए रोहित शर्मा की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम का चयन कर दिया है। भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है. हार्दिक पांड्या टीम के उपकप्तान होंगे. भारत में पांच अक्तूबर से 19 नवंबर तक वनडे वर्ल्ड कप टूर्नामेंट खेला जाएगा। पहला मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 5 अक्टूबर को खेला जाएगा. वहीं भारतीय टीम वर्ल्ड कप 2023 में अपनी शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी. दोनों टीमों के बीच ये मैच 8 अक्टूबर को चेन्नई में होगा , भारतीय टीम में संजू सैमसन और तिलक वर्मा को शामिल नहीं किया गया है. बता दें कि ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव , अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज अपना पहला विश्व कप खेलेंगे. बीसीसीआई ने विश्व कप के लिए संतुलित टीम का चयन किया है. रोहित के साथ शुभमन गिल ओपनिंग कर सकते हैं. टीम में ईशान किशन भी हैं. ईशान ओपनिंग के साथ-साथ मिडिल ऑर्डर में भी बैटिंग करने में सक्षम हैं. श्रेयस अय्यर और केएल राहुल पर भरोसा जताया गया है. मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा "हमारे सामने खिलाड़ियों की चोट समस्या थी, लेकिन सही समय पर श्रेयस और राहुल फिट हो गए। कई नामों पर चर्चा हुई, लेकिन आपको टीम के संतुलन के हिसाब से सबसे बेहतरीन टीम चुननी होती है।

वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारतीय टीम :
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), सूर्य कुमार यादव, जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव
टीम इंडिया के मैचों का शेड्यूल-
8 अक्टूबर: भारत vs ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई
11 अक्टूबर: भारत vs अफगानिस्तान, नई दिल्ली
14 अक्टूबर: भारत vs पाकिस्तान, अहमदाबाद
19 अक्टूबर: भारत vs बांग्लादेश, पुणे
22 अक्टूबर: भारत vs न्यूजीलैंड, धर्मशाला
29 अक्टूबर: भारत vs इंग्लैंड, लखनऊ
2 नवंबर: भारत vs श्रीलंका, मुंबई
5 नवंबर: भारत vs साउथ अफ्रीका, कोलकाता
12 नवंबर: भारत vs नीदरलैंड्स, बेंगलुरु






