सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं,बोले- पीड़ितों की समस्याओं के निराकरण में न हो विलंब
लखनऊ,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : सीएम योगी ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं, इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 400 लोगों से मुलाकात की। गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। सीएम ने सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का वह समाधान कराएंगे। इसे लेकर उन्होंने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को मौके पर ही दो टूक समझाया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। कुछ प्रकरणों पर उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि यह भी पता लगाएं कि यदि किसी को प्रशासन का सहयोग नहीं मिला है तो ऐसा क्यों और किन कारणों से हुआ। हर पीड़ित की मदद की जाए। उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधि सम्मत कठोर कदम उठाने का निर्देश दिया। इस बार भी जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द अस्पताल का इस्टीमेट की प्रक्रिया पूरी कर शासन को उपलब्ध करा दें. इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से प्रर्याप्त मदद की जाएगी. जनता दर्शन में कुछ महिलाएं बच्चों के साथ पहुंची थीं.
#JantaDarshan#UPNews#CMYogi#Yogi AdityanathGorakhpurVisit,







