बेंगलुरु:  आईपीएल के इतिहास में युवराज सिंह के बाद भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बन गए जबकि 9 अन्य खिलाड़ियों को भी यहां चल रही नीलामी में शनिवार को 10 करोड़ रुपये या इससे अधिक की धनराशि में खरीदा गया. ईशान को मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद से लंबी होड़ के बाद 15 करोड़ 25 लाख रुपये में फिर खरीदा. IPL का मेगा ऑक्शन खत्म हुआ. दो दिन तक बेंगलुरु की होटल आईटीसी गार्डेनिया में चले इस इवेंट में कुल 204 खिलाड़ी बिके. इनमें 137 भारतीय और 67 विदेशी खिलाड़ी रहे. IPL की सभी 10 फ्रेंचाइजी 561 करोड़ के साथ नीलामी में उतरी थी. इनमें से कुल 549.70 करोड़ रुपये फ्रेंचाइजियों ने लुटा दिए. कुल 108 खिलाड़ियों को 1 करोड़ से ज्यादा दाम मिले. इन्हीं में 11 वे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिन्हें 10 करोड़ से ज्यादा दाम मिला. ईशान किशन (15.25 करोड़) इस नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे.