world cup 2023: ग्लेन मैक्सवेल ने दोहरा शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया को दिलाई जीत
(स्पोर्ट्स डेस्क) : ग्लेन मैक्सवेल ने दोहरा शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया को जिताया ही नहीं बल्कि सेमीफाइनल में भी टीम की एंट्री करा दी हैं, मुंबई के वानखेड़े में मंगलवार को ग्लेन मैक्सवेल ने जिस तरह अपने दम पर कंगारुओं को सेमीफाइनल में पहुंचाया, शायद ही दुनिया का कोई बल्लेबाज ऐसा कर सके। 292 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एक वक्त 91 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे और लग रहा था कि अफगानिस्तान बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है, लेकिन मैक्सवेल ने हारी हुई बाज़ी को जीत में बदल दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 291 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 292 रनों का टारगेट रखा. अफगानिस्तान के लिए इब्राहिम जादरान ने सबसे ज्यादा 129 रन बनाए, जबकि राशिद खान ने 18 गेंदों पर 35 रनों की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए. वहीं, मिचेल स्टार्क, ग्लेन मैक्सवेल और एडम जाम्पा को 1-1 विकेट मिला. अफगानिस्तान के 292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैक्सवेल (128 गेंद में 201 रन, 21 चौके, 10 छक्के) ने दोहरा शतक जड़ा जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 91 रन पर सात विकेट गंवाने के बावजूद 46.5 ओवर में सात विकेट पर 293 रन बनाकर जीत दर्ज की.
ग्लेन मैक्सवेल ने पैट कमिंस के साथ आठवें विकेट के लिए 202 रन की अटूट साझेदारी की जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में अंतिम तीन विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है. इस साझेदारी में मैक्सवेल के दबदबे का अंदाजा इससे लगता है कि उनका योगदान इसमें 179 रन का रहा. मैक्सवेल की इस पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। उसके आठ मैचों में छह जीत और दो हार के साथ 12 अंक हैं। टीम का सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला होगा। वहीं, भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें पहली ही क्वालिफाई कर चुकी हैं। चौथे स्थान के लिए न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच टक्कर है।
#Cricketnews#Australia Vs Afghanistan#world cup 2023#ICCworld cup 2023,







