उत्तराखंड का लोकपर्व फूलदेई मुख्यमंत्री आवास में धूमधाम से मनाया गया
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): उत्तराखंड का लोकपर्व फूलदेई आज प्रदेशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा हैं, इसी क्रम में मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड का लोकपर्व फूलदेई सपरिवार धूमधाम से मनाया। गत वर्ष प्रदेश सरकार ने प्रदेशभर में फूलदेई को बाल पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। फूलदेई पर्व वसंत के आगमन का संदेश भी देता है। इस दिन बच्चे हाथों में रंग बिरंगे फूलों से सजी टोकरियां लेकर चलते हैं और सुबह-सुबह हर घर की देहरी पर फूल डालते हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री आवास में रंग बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने देहरी में फूल व चावल बिखेरकर पारंपरिक गीत ’फूल देई छमा देई, जतुक देला, उतुक सई, फूल देई छमा देई, देड़ी द्वार भरी भकार’ गाते हुए त्योहार की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को फूलदेई के त्योहार की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि लोक पर्वों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है।

#Phooldeifestival#cmpushkarsinghdhami#pushkarsinghdhami#cmdhami#Uttarakhandcm#Dehradunnews#Uttarakhandnews#Khabarnewindia#khabarindia,







