देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क: उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न होने के साथ ही मैदान में उतरे 55 प्रत्याशियों का भविष्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो गया है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश की पांचों लोकसभा सीट पर 54.22 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। प्रदेश में एक ही चरण में मतदान हुआ। सर्वाधिक मतदान नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय सीट पर हुआ जहां पांच बजे तक 59.99 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला। हरिद्वार सीट पर 59.12 फीसदी, टिहरी सीट पर 51.74 फीसदी, पौड़ी गढ़वाल सीट पर 49.93 फीसदी एवं अल्मोड़ा में 45.39 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चले मतदान के बाद प्रदेश की पांच लोकसभा सीट पर 55 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत ईवीएम में कैद हो गई जिसका परिणाम चार जून को सामने आएगा। प्रदेश में 83 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। मतदान के लिए प्रदेश के 13 जिलों में 11,729 मतदान केंद्र बनाए गए थे।  उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीट पर शुक्रवार को 54 प्रतिशत से ज्यादा मतदान दर्ज हुआ जो 2019 के आम चुनाव में हुए मतदान से करीब पांच प्रतिशत कम रहा। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में उत्तराखंड में 61.48 प्रतिशत मतदान हुआ था। अल्मोड़ा संसदीय सीट पर इस बार मात्र 45.17 प्रतिशत ही मतदान हुआ है। इससे कम मतदान 25 वर्ष पहले 1999 के लोकसभा चुनावों में हुआ था।

#Uttarakhand Voting 2024#19April #VoteKaregaUttarakhand #ceouttarakhand #Election2024 #UttarakhandLokSabhaElections2024,