खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): पीएम मोदी ने आज देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की बहुप्रतीक्षित पहली अंडर ग्राउंड मेट्रो का शुभारंभ किया,  मुंबई की पहलीअंडर ग्राउंड मेट्रो एक्वा लाइन 3 देश की पहली संपूर्ण भूमिगत मेट्रो है। परियोजना के उद्धघाटन के साथ ही पीएम ने ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल परियोजना और एलिवेटेड ईस्टर्न फ्री वे एक्सटेंशन सहित 32,800 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्याें की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने नवी मुंबई हवाईअड्डा प्रभाव अधिसूचित क्षेत्र (NAINA) परियोजना का भी शिलान्यास किया। पीएम ने कहा कि मुंबई की एक्वा लाइन मेट्रो का शुभारंभ हुआ है। इस लाइन का मुंबई के लोग काफी समय से इंतजार कर रहे थे। मैं जापान सरकार का भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं। जापान ने जापानीज इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी के जरिये इस प्रोजेक्ट में बहुत सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि ठाणे से बाबा साहेब ठाकरे का खास लगाव था। यह स्व. आनंद दिघे का भी शहर है। इस शहर ने देश को आनंदी बाई जोशी जैसी देश की पहली महिला डॉक्टर दी थी। हम इन विकास कार्यों के जरिये इन महान विभूतियों के संकल्प को भी पूरा कर रहे हैं। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र के सभी लोगों को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि मुंबई में मेट्रो लाइन-3 की शुरुआत देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री रहते हुई थी। इसका 60 प्रतिशत काम उनके कार्यकाल में हो भी गया था, लेकिन फिर महाअघाड़ी की सरकार आ गई। महाअघाड़ी वालों ने अपने अहंकार में मेट्रो का काम लटका दिया। 2.5 साल तक काम अटके रहने से प्रोजेक्ट की कीमत 14 हजार करोड़ रुपये बढ़ गई। 

मुंबई मेट्रो 3 परियोजना का पहला चरण 12 किलोमीटर से ज़्यादा लंबा है, जो आरे को चहल-पहल वाले बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) से जोड़ता है। यह बिल्कुल नया भूमिगत मार्ग साढ़े छह मिनट की फ्रिक्वेंसी होगी और यह 10 स्टेशन को कवर करेगी। एमएमआरसी के प्रबंध निदेशक अश्विनी भिडे ने कहा, 'आज मुंबई के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है! हमें गर्व है कि पीएम मोदी ने मेट्रो लाइन-3 का उद्घाटन किया हैं। यह मुंबई मेट्रो में सफर करने वालों के लिए विशेष अनुभव रहेगा। मुंबई में अंडरग्राउंड मेट्रो शहर के परिदृश्य को बदलने वाला है। मुंबई मेट्रो रोजाना सफर करने वालों को आसान और अधिक कुशल बनाती है।'

#MumbaiMetro #Mumbai ,