भारत ने पाकिस्तान से आयात होने वाली सभी वस्तुओं पर लगाया प्रतिबंध
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : भारत ने बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान से आयात होने वाली सभी वस्तुओं पर प्रतिबंध लगा दिया है. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही भारत लगातार पाकिस्तान पर एक्शन ले रहा है. भारत सरकार ने पाकिस्तान में पैदा होने वाली या वहां से आने वाली सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है. यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है, चाहे वो वस्तुएं स्वतंत्र रूप से आयात योग्य हों या विशेष अनुमति से आयात होती रही हों. भारत ने आयात बैन करने से जुड़े फैसले से ये स्पष्ट कर दिया है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को शह देता रहेगा, तब तक उससे कोई प्रकार का सहयोग नहीं किया जाएगा चाहे वह व्यापारिक हो या कूटनीतिक. गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बीते मंगलवार 22 अप्रैल को आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा कर 26 लोगों की नृशंस हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देने के जवाब में पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाए हैं. इनमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, एयर स्पेस बंद करना, अटारी में एकीकृत चेक पोस्ट को बंद करना और उच्चायोगों की संख्या कम करने का निर्णय शामिल है.
#PahalgamTerrorAttack #PahalgamAttack #IndiavsPakistan,







