खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : पीएम मोदी आज 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कर्नाटक के मैसूर पैलेस मैदान पहुंचे. इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद 15000 लोगों के साथ योगाभ्यास किया. पीएम मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, सीएम बसवराज बोम्मई सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद थे. इस मौके पर उन्होंने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जीवन में इसके महत्व के बारे में बताया और कहा कि निरोग शरीर के लिए यह बहुत जरूरी है. पीएम मोदी ने कहा कि आज विश्व के हर कोने से योग की गूंज सुनाई दे रही है. यह जीवन का आधार बन गया है, दुनियाभर में लोग सूर्योदय के साथ ही योग से जुड़ते जा रहे हैं. हमारा दिन योग के साथ शुरू हो, इससे बेहतर क्या हो सकता है. हम योग से जुड़ी अनंत संभावनाओं को साकार करें. 


पीएम मोदी ने कहा कि आज योग मानव मात्र को निरोग जीवन का विश्वास दे रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम है, Yoga For Humanity. मैं इस थीम के जरिए योग के इस संदेश को पूरी मानवता तक पहुंचाने के लिए संयुक्त राष्ट्र का और सभी देशों का हृदय से धन्यवाद करता हूं. पीएम मोदी ने कहा, भारत के आध्यात्मिक केन्द्रों ने जिस योग-ऊर्जा को सदियों से पोषित किया, आज वह योग ऊर्जा विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रही है. आज योग वैश्विक सहयोग का पारस्परिक आधार बन रहा है. आज योग मानव मात्र को निरोग जीवन का विश्वास दे रहा है. 

कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि द्वीप, महाद्वीप की सीमाओं के ऊपर योग दिवस का उत्साह अब एक वैश्विक पर्व बन गया है. उन्होंने कहा कि योग किसी व्यक्ति के लिए नहीं संपूर्ण मानवता के लिए है. उन्होंने कहा, योग हमारे लिए केवल जीवन का हिस्सा नहीं बल्कि जीवन जीने की पद्धति बन रहा है। उन्होंने कहा कि घर-घर में योग का प्रचार हुआ है. योग 'पार्ट ऑफ लाइफ' नहीं बल्कि अब 'वे ऑफ लाइफ' बन चुका है. पीएम मोदी ने कहा कि हमें योग को जीना भी है और योग को जाना भी है.  पीएम मोदी ने कहा कि मैसूर जैसे भारत के आध्यात्मिक केन्द्रों ने जिस योग-ऊर्जा को सदियों से पोषित किया, आज वो योग ऊर्जा विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रही है. आज योग वैश्विक सहयोग का पारस्परिक आधार बन रहा है.