कांग्रेस को गांधी परिवार से अलग सोचने की जरूरत: आनंद शर्मा
नई दिल्ली, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश इकाई की 'चुनाव संचालन समिति' के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने इस पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि उन्हें और G23 के अन्य नेताओं को पार्टी में सुधार की मांग के लिए अपमानित और बदनाम किया गया. मुझे पार्टी में किसी बैठक में भी नहीं बुलाया जाता था. आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को गांधी परिवार से अलग सोचने की जरूरत है. पार्टी नेतृत्व के सवाल पर विस्तार से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कई नेता थे, जिन्होंने 1978 में इंदिरा गांधी को निष्कासित किए जाने के बाद पार्टी को बचाए रखा था. वे हम जैसे लोग थे. यह पार्टी हम सभी की है. आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा मेरे खून में दौड़ती है और इसे लेकर कोई शक नहीं होना चाहिए. मैं आजीवन कांग्रेसी हूं और अपने इस विश्वास पर कायम हूं. उन्होंने कहा कि मैंने हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस की संचालन समिति का अध्यक्ष पद भारी मन से छोड़ा है. स्वाभिमानी होने के कारण लगातार बहिष्कार और अपमान को देखते हुए मेरे पास इस्तीफा देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था.







