(स्पोर्ट्स डेस्क): टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में साउथ अफ्रीका का क्लीन स्वीप करने का मौका गंवा दिया. टीम इंडिया ने हालांकि साउथ अफ्रीका को इस टी20 सीरीज में 2-1 से हरा दिया. इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 227 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 228 रनों का टारगेट दिया. साउथ अफ्रीका के लिए रिली रोसेयु ने 48 गेंदों में आठ छक्कों और सात चौकों की मदद से नाबाद 100 रनों की पारी. 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 18.3 ओवर में 178 रनों पर ऑलआउट हो गई और ये मैच हार गई.  दक्षिण अफ्रीका के 228 रन के विशास लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं कोहली के स्थान पर टीम में जगह पाने वाले श्रेयश अय्यर भी कुछ खास नहीं कर सके और एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर दोनोंं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक ने पारी संभालने की कोशिश की। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। पंत ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए लेकिन वे भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके। पंत को लुंगी नगिदी ने 27 के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद, दिनेश कार्तिक ने मोर्चा संभाला और अफ्रीकी गेंदबाजों की धुनाई शुरू की लेकिन कार्तिक के एक गलत शॉट ने उनसे अर्धशतक बनाने का मौका छीन लिया। कार्तिक 21 बॉल में 46 रन बनाकर केशव महाराज की गेंद पर बोल्ड हुए। वहीं पिछले मैच के हीरो रहे सूर्यकुमार यादव इस बार कुछ खास नहीं कर सके और मात्र 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार के नक्शेकदम पर चलते हुए अक्षर पटेल (9 रन) भी सस्ते में चलते बने। आखिर में टीम इंडिया के टैलेंडर्स ने थोड़ा जोर लगाया, जिससे टीम का स्कोर 178 रन तक पहुंच सका। इसमें दीपक चहर 31 रन, उमेश यादव 20 रन और हर्षल पटेल ने 17 रन का योगदान रहा। दक्षिण अफ्रीका के लिए प्रिटोरियस, केशव महाराज, नगिदी और पार्नेल ने दो-दो विकेट झटके, जबकि कगिसो रबाडा किफायती रहने के बावजूद एक विकेट ही हासिल कर सके।