(स्पोर्ट्स डेस्क): टीम इंडिया को बांग्लादेश के हाथों 1 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. इसी के साथ ही बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. इस रोमांचक मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 41.2 ओवर में 186 रनों पर ढेर हो गई थी और बांग्लादेश को जीत के लिए 187 रनों का लक्ष्य मिल गया. जवाब में बांग्लादेश की टीम ने 46 ओवर में 187 रन बनाते हुए ये मैच अपने नाम कर लिया है. एक समय भारतीय टीम मैच को जीतने के बेहद करीब थी लेकिन केएल राहुल ने मेहदी हसन का कैच उस समय गिरा दिया जब बांग्लादेश को जीत के लिए 34 रन की दरकार थी. यदि वह कैच राहुल ले लेते तो भारत मैच जीत जाता लेकिन रहमान और हसन ने मिलकर आखिरी विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की और टीम को शानदार जीत दिला दी.