U19 Women T20 World Cup: अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर भारत ने रचा इतिहास, पीएम मोदी ने दी बधाई
(स्पोर्ट्स डेस्क): भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया. भारतीय टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से धूल चटाकर आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया. भारत ने दक्षिण अफ्रीका में खेले गये फाइनल में इंग्लैंड का सात विकेट से शिकस्त दी. इस जीत के साथ ही महिला टीम ने किसी भी स्तर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के वैश्विक खिताब के सूखे को खत्म किया. भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के पोचेफस्ट्रूम स्थित सेनवेस पार्क में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को 17.1 ओवर में केवल 68 रन पर ढेर कर दिया और फिर 14 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. सौम्या तिवारी ने नाबाद 24, जी तृषा ने 24 रन और कप्तान शेफाली वर्मा ने 15 रन बनाए.

अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद बीसीसीआई ने भारतीय महिला टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए प्राइज मनी की घोषणा कर दी है. इसकी जानकारी खुद बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने दी है. प्राइज मनी के रुप में कुल 5 करोड़ रुपए उन्हें दी जाएगी. जय शाह ने ट्वीट के जरिए कहा है कि 'भारत में महिला क्रिकेट चरम पर है और विश्व कप की जीत ने महिला क्रिकेट का कद काफी ऊंचा कर दिया है. प्राइज के रूप में पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है. यह निश्चित रूप से एक राह दिखाने वाला वर्ष है.'
पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं के बधाईयों का लगा तांता
इधर, पीएम मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री, यूपी के सीएम समेत कई नेताओं ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के इस एतिहासिक जीत के लिए बधाई दी है. पीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि 'आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में विशेष जीत के लिए भारतीय टीम को बधाई. उन्होंने बेहतरीन क्रिकेट खेली है और उनकी सफलता से आने वाले कई क्रिकेटरों को प्रेरणा मिलेगी. टीम को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं.'
#ICC U19 Women T20 World Cup 2023, #Under-19 Women T20 World Cup title,







