IND vs AUS: अहमदाबाद टेस्ट ड्रॉ, टीम इंडिया ने 2-1 से सीरीज पर किया कब्ज़ा
(स्पोर्ट्स डेस्क) : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ है। भारत ने इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर लगातार तीसरी बार कब्जा कर लिया है. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए थे और लगभग दो दिन तक बल्लेबाजी की थी। इसके बाद भारतीय टीम ने भी लगभग दो दिन तक बल्लेबाजी की और 571 रन बनाए। इसके बाद ही यह मैच ड्रॉ होना तय हो गया था। पांचवें और आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर दूसरी पारी में 175 रन बनाए। इसके बाद दोनों कप्तानों और मैच अधिकारियों ने यह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म करने का फैसला किया। उससे पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया को नागपुर और दिल्ली में हराया था, जबकि इंदौर में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को मात देकर सीरीज में वापसी की थी. हालांकि, अहमदाबाद में भारतीय बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को मैच जीतने का मौका नहीं दिया और भारत ने सीरीज पर कब्जा कर लिया.
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पहले बल्लेबाजी करते हुए ओपनर उस्मान ख्वाजा ने बेहतरीन बल्लेबाजी की उन्होंने 180 की बड़ी पारी खेली. इसके अलावा इस सीरीज का अपना पहला मैच खेल रहे ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने भी अपना मेडन टेस्ट शतक लगाया. ग्रीन ने 114 रनों की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 480 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हुई. भारतीय टीम के स्पिनर अश्विन ने 6 विकेट पहली पारी में अपने नाम किए. ऑस्ट्रेलिया के 480 रनों के जवाब में टीम इंडिया के ओपनर शुभमन गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई. शुभमन ने 128 रनों की जबरदस्त पारी खेली. इसके बाद मोर्चा संभाला स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने. कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 3 साल से भी ज्यादा लम्बे अंतराल के बाद अपना 28वां टेस्ट शतक ठोक डाला. हालांकि, कोहली अपने दोहरे शतक से कुछ रन पहले ही आउट हो गए. कोहली ने 186 रन बनाए भारत ने अपनी पहली पारी 571 रनों पर खत्म की. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टॉड मर्फी और नाथन लियोन ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए.
#Ahmedabad Test, #IND vs AUS 2023, #teamindia, #viratkohli, #Border Gavaskar Trophy, #India vs Australia 4th Test,,






