(स्पोर्ट्स डेस्क) : तीन साल के लंबे अर्से के बाद विराट कोहली के बल्ले से इस प्रारूप में शतक देखने को मिला है. इससे पहले विराट कोहली ने आखिरी बार साल 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ सेंचुरी जड़ी थी. उनके इस शतक के बाद विराट को जमकर बंधाइयां मिल रही है. विराट कोहली ने तीन साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए रविवार को चौथे दिन पहली पारी में शानदार 186 रन बना दिए. हालांकि, कोहली दोहरा शतक बनाने से कुछ रन दूर रह गए. विराट कोहली के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूपों को मिलाकर अब 75 शतक हो गए हैं. शतक पूरा करने के बाद कोहली ने ना तो अपने अंदाज में उछलकर जश्न मनाया, ना ही सीने पर मुक्का जड़ा. शतक पूरा करने के बाद उनके चेहरे पर राहत का भाव दिखा. उन्होंने शतक पूरा करने के बाद बल्ले और हेलमेट को उठाकर दर्शकों का अभिवादन करने के बाद अपनी शादी की अंगूठी को चूमा, जिसे वह अपने गले की चैन में पहनते हैं. विराट कोहली ने चौथे टेस्ट में अपना शतक पूरा करने के लिए 241 गेंदों का सामना किया. कोहली की ये पारी कोई ताबड़तोड़ अंदाज में नजर नहीं आई. कोहली ने धीरे-धीरे अपनी पारी को आगे बढ़ाया और शतक पूरा किया.

विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर का जैसे ही 28वां शतक लगाया. उन्होंने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली. कोहली का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह 8वां टेस्ट शतक है. इस शतक के साथ ही कोहली ने भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. गावस्कर के नाम भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 टेस्ट शतक हैं. विराट कोहली का इंटरनेशनल क्रिकेट में ये 75वां शतक है. वनडे फॉर्मेट में विराट कोहली ने अभी तक 46 शतक जड़े हैं और टेस्ट में विराट कोहली के 28 शतक हो गए हैं. वहीं, टी20 में विराट कोहली के नाम एक शतक है, जो एशिया कप 2022 में अफगानिस्तान टीम के खिलाफ देखने को मिला था. इस साल में कोहली अभी तक तीन इंटरनेशनल शतक लगा चुके हैं. क्रिकेट इतिहास में कोहली सबसे ज्यादा शतक लगाने की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे नंबर पर हैं.   

#Virat Kohli Century, #Virat Kohli 28th century, #Virat Kohli 75th century,