संसद सदस्यता जाने पर अमेरिका में बोले राहुल गांधी, कहा कभी सोचा नहीं था कि ऐसा होगा
खबर न्यू इंडिया न्यूज़ डेस्क: राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं. राहुल गांधी ने लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिए जाने को लेकर पहली बार विदेश में बयान दिया है। अमेरिका के तीन शहरों में राहुल गांधी का कार्यक्रम है. इसी क्रम में वे बुधवार को कैलिफोर्निया की प्रतिष्ठित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय समुदाय के छात्रों से बात की और उनके सवालों के जवाब भी दिए. राहुल गांधी ने कहा कि मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं पहला व्यक्ति बनूंगा जिसे मानहानि के मामले में सबसे बड़ी सजा मिलेगी और लोकसभा की सदस्यता गंवानी पड़ेगी. राहुल ने आगे कहा कि लेकिन राजनीतिक तौर पर इससे मुझे ज्यादा बड़ा मौका मिला है. शायद उस मौके से भी बड़ा कुछ, जो मुझे संसद में बैठकर मिलते। राजनीति कुछ इसी तरह से काम करती है। भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत में समूचा विपक्ष संघर्ष कर रहा है. संस्थाओं पर कब्जा है. लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ने के लिए हम संघर्ष कर रहे हैं. इसीलिए कुछ महीनों पहले हमने पूरे भारत में यात्रा करने की सोची. बता दें कि इसी साल में मार्च में सूरत कोर्ट से आपराधिक मानहानि मामले में 2 साल की सजा के बाद सूरत की एक अदालत ने राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी. इसके बाद राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य करार दिया गया था. राहुल ने कहा कि हम संघर्ष कर रहे थे। विपक्ष भारत में संघर्ष कर रहा है। कोई भी एजेंसी काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि सिर्फ एक पार्टी को निशाना बनाया जा रहा है। बल्कि सभी विपक्ष पार्टियां तानाशाही से परेशान हैं। जब भी कोई सरकार के खिलाफ बोलता है तो उन संस्थानों पर कब्जा कर लिया जाता है या उनका अस्तित्व खत्म हो जाता है। विदेश से सपोर्ट मांगने के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा, मैंने कभी किसी से कोई सपोर्ट नहीं मांगा. मैं एकदम स्पष्ट हूं. यह हमारी लड़ाई है. यहां के भारतीय छात्रों से रिश्ता रखना चाहता हूं.
#RahulGandhiInUS,#RahulGandhi,#Congress,#RahulGandhiInAmerica,







