मैदान से पहाड़ तक बारिश का सिलसिला जारी, दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): देश की राजधानी दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में बारिश के चलते बुरा हाल है. दिल्ली में यमुना नदी की लहरें डरा रही हैं. यहां साल 2010 का रिकॉर्ड टूट गया है. 2010 में यमुना का जलस्तर 207.11 पहुचा था. अब यमुना इस निशान से ऊपर बह रही है. वहीं उत्तराखंड की बात करें तो अगले 5 दिनों तक बारिश से राहत नहीं मिलने वाली. भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. पहाड़ी राज्य के 12 जिले बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं. हिमाचल प्रदेश में बारिश के चलते अब तक कुल 95 लोगों की मौत हो चुकी है. 2 लोग लापता हैं, जबकि 99 लोग घायल हैं. हिमाचल प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल में 17 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. दिल्ली में आज भी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है. यमुना के किनारे से लोग हटाए गए हैं. यूपी के 51 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है. हरियाणा के करनाल में भी बाढ़ के हालात हैं. लोगों को नदियों के पास न जाने की चेतावनी जारी की गई है. पंजाब और हरियाणा में कई इलाके अब भी जलमग्न हैं. बारिश संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है. दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. मंगलवार, सुबह 8 बजे, ओल्ड रेलवे ब्रिज पर नदी का जल स्तर 207.25 मीटर दर्ज किया गया. भारी बारिश के कारण उत्तराखंड के सोनप्रयाग और गौरीकुंड में केदारनाथ यात्रा भी रोक दी गई है. भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोगों को बेवजह घर से न निकलने और तीर्थयात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर आने की अपील की है. भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के हालात भी काफी खराब हैं. हिमाचल के कई जिलों में आज भी भारी बारिश का रेड अलर्ट है. एहतियातन सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखे गए हैं. हिमाचल के मंडी, कुल्लू समेत सात जिलों में भारी बारिश हो रही है.
#Monsoon Rain,#dehradunnews,#uttarakhandnews,#Heavy Rain Alert,#Weather Update,#Red Alert Heavy Rain,







