देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): देश के अलग-अलग राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने कहर मचा रखा है. उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी है तो वहीं दिल्ली में इस वक्त येलो अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर भारत के कई हिस्सों में रविवार को मूसलाधार बारिश हुई और भूस्खलन एवं वर्षा जनित विभिन्न घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई.  दिल्ली, एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई शहरों और कस्बों में रिकॉर्ड बारिश के चलते सड़कें और आवासीय क्षेत्र घुटनों तक पानी में डूब गए. वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू कश्मीर में बारिश ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है. देशभर में बारिश के बाद इस वक्त हालात बेकाबू बने हुए हैं. यही वजह है कि मौसम विभाग ने अलग-अलग राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया है.  उत्तराखंड में भी भारी बारिश के बाद हाहाकार मचा हुआ है, जिसके चलते आईएमडी ने राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने 10 और 11 जुलाई के लिए हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. देश की राजधानी दिल्ली मौसम की मार से बेहाल है. कहीं पानी भरा है तो कहीं सड़क धंस गई है. कहीं दीवार गिरी है तो कहीं जाम ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. हिमाचल प्रदेश में बारिश ने भारी तबाही मचाई है. मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, शिमला समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में कुदरत कहर बनकर टूटी है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के साथ-साथ नदियां भी उफान पर हैं जिससे जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ ‘पंजाब, हरियाणा, यूपी और पूर्वी राजस्थान में भी अगले दो दिनों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है.

#Landslide,#Weather News,#Weather Update,#Heavy Rainfall Alert,#Heavy Rainfall ,