मुजफ्फरनगर: खबर न्यू इंडिया। जिले में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार जिले में 65.34 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें सबसे ज्यादा खतौली विधानसभा में वोटिंग हुई, जबकि सबसे कम शहर सीट पर वोट पडे। शहर में एक बूथ पर रालोद-भाजपा समर्थकों में झडप हुई, तो बुढाना विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर के एक बूथ पर भाजपा प्रत्याशी ने एक युवक को फर्जी वोट डालते हुए पकड लिया और उसके साथ मारपीट भी की, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। जनपद में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान सम्पन्न होने से जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज मुजफ्फरनगर समेत 11 जनपदों की सभी 58 सीटों पर वोट पडे। मुजफ्फरनगर में छह विधानसभा सीटों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। जनपद में 65.34 प्रतिशत मतदान हुआ है। शहर सीट पर सबसे कम 61.30 प्रतिशत व खतौली विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 69.70 प्रतिशत वोट पडे। मतदान की रफ्तार सुबह से ही काफी अच्छी रही और शाम छह बजे तक बूथों पर वोटिंग जारी रही। मतदान का समय पूर्ण होने के बाद मतदान स्थल के गेट बंद कर दिये गये थे, लेकिन जो लोग अंदर प्रवेश कर गये उन सभी के वोट डलवाये गये।