(स्पोर्ट्स डेस्क): भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर अपने विश्व कप अभियान का जीत के साथ आगाज किया है। इस मैच में भारत की जीत के हीरो लोकेश राहुल और विराट कोहली रहे। ऑस्ट्रेलियाई टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रनों पर ऑलआउट हो गई. फिर भारत ने 41.2 ओवर में 4 विकेट पर 201 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया के गेंदबाजों के आगे ऑस्ट्रेलियाई टीम महज 199 रन बना सकी. बुमराह ने अपने दूसरे ही ओवर में मिचेल मार्श को आउट कर दिया। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद स्मिथ और वॉर्नर ने 69 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला, लेकिन कुलदीप ने वॉर्नर को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। वॉर्नर ने 41 रन बनाए। स्मिथ और लाबुशेन ने 36 रन जोड़े, लेकिन जडेजा ने स्मिथ को 46 और लाबुशेन को 27 के स्कोर पर आउट किया। उन्होंने एलेक्स कैरी को खाता तक नहीं खोलने दिया और 119 रन पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई। कुलदीप ने मैक्सवेल को 15 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। जल्द ही ग्रीन भी आठ रन के स्कोर पर अश्विन का शिकार बन गए। कमिंस 15 और जैंपा छह रन बनाकर आउट हुए। अंत में मिचेल स्टार्क ने 28 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 199 रन तक पहुंचाया।  भारत के लिए रवीन्द्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. जबकि जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ने 2-2 खिलाड़ियों को आउट किया. इसके अलावा मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या और रवि अश्विन को 1-1 कामयाबी मिली. 200 रन का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। ईशान किशन, रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर अपना खाता तक नहीं खोल सके। स्टार्क ने ईशान किशन और हेजलवुड ने रोहित, श्रेयस को अपना शिकार बनाया। इसके बाद कोहली ने राहुल के साथ मिलकर पारी संभाली। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने तीन और मिचेल स्टार्क ने एक विकेट लिया। 

#ODIWorldCup2023#WorldCupINDvsAUS#WorldCup2023#INDvsAUS#KLRahul#ViratKohli#BCCI#TeamIndia ,