राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा होगी 84 सेकंड के शुभ मुहूर्त में, ये रहेगा पूरा कार्यक्रम
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरी नगरी को आध्यात्मिक रंग देकर सजाया गया है। अब भारत समेत दुनिया की नजरें प्राण प्रतिष्ठा की ऐतिहासिक घड़ी पर टिकी हुई हैं। अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. प्राण-प्रतिष्ठा के बाद आम लोग भी यहां दर्शन कर सकेंगे. प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले राम मंदिर ही नहीं बल्कि पूरी अयोध्या दुल्हन की तरह सजकर तैयार है. राम मंदिर में सैंकड़ों टन फूलों और रंग-बिरंगी लाइट्स से बेहद खूबसूरत सजावट की गई है. इस ऐतिहासिक पल के साक्षी करोड़ों लोग बनेंगे. रामभक्त रामलला की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा लाइव देख सकें इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा आधे दिन की छुट्टी और कई राज्य सरकारों द्वारा पूरे दिन की छुट्टी की घोषणा कर दी गई है. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकप्रिय क्रिकेटर, मशहूर हस्तियां, उद्योगपति, संत और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों न्योता मिला है। राम मंदिर में एंट्री करते समय आपको अपने इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी. इन गैजेट्स में मोबाइल, ईयर फोन, रिमोट वाली चाबी और अन्य चीजें शामिल हैं. इसके अलावा पर्स या अन्य कोई बैग भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे. सके अलावा राम मंदिर आने वाले मेहमानों को 22 जनवरी सुबह 11 बजे से पहले एंट्री लेनी होगी. सुरक्षा के लिहाज से अगर कोई सुरक्षाकर्मी साथ आया है तो उसे भी बाहर ही रहना होगा.
प्राण प्रतिष्ठा का पूरा कार्यक्रम क्या है?
22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के लिए न्यूनतम विधि-अनुष्ठान रखे गए हैं। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार, अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर होने वाली प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रातः काल 10 बजे से 'मंगल ध्वनि' का भव्य वादन होगा। विभिन्न राज्यों से 50 से अधिक मनोरम वाद्ययंत्र लगभग दो घंटे तक इस शुभ घटना का साक्षी बनेंगे।
प्राण प्रतिष्ठा की विधि दोपहर 12:20 बजे से शुरू
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की विधि 22 जनवरी को दोपहर 12:20 बजे शुरू होगी। प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा अभिजीत मुहूर्त में की जाएगी। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समय काशी के विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने निकाला है। यह कार्यक्रम पौष माह के द्वादशी तिथि (22 जनवरी 2024) को अभिजीत मुहूर्त, इंद्र योग, मृगशिरा नक्षत्र, मेष लग्न एवं वृश्चिक नवांश में होगा।
84 सेकंड का शुभ मुहूर्त
शुभ मुहूर्त दिन के 12 बजकर 29 मिनट और 08 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट और 32 सेकंड तक का रहेगा। यानि प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त केवल 84 सेकंड का है। पूजा-विधि के जजमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह अनुष्ठान काशी के प्रख्यात वैदिक आचार्य गणेश्वर द्रविड़ और आचार्य लक्ष्मीकांत दीक्षित के निर्देशन में 121 वैदिक आचार्य संपन्न कराएंगे। इस दौरान 150 से अधिक परंपराओं के संत-धर्माचार्य और 50 से अधिक आदिवासी, गिरिवासी, तटवासी, द्वीपवासी, जनजातीय परंपराओं की भी उपस्थिति होगी।
#RamlalaPranPratistha#PranPratishthaFullSchedule#RamMandir#RamMandirInauguration#AyodhyaRammandir,







