खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी। रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के पहले विधिवत पूजा अर्चना करने की तैयारी की जा रही है। पीएम मोदी ने घोषणा की कि वह 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले 11 दिवसीय अनुष्ठान करेंगे. पीएम मोदी ने अपने इस 11 दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत नासिक में कालाराम मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की.  राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों के नाम एक ऑडियो संदेश जारी किया है. पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा (Ram Lala Pran Pratishtha) में केवल 11 दिन ही बचे हैं. मेरा सौभाग्य है कि मैं भी इस पुण्य अवसर का साक्षी बनूंगा. प्रभु ने मुझे प्राण प्रतिष्ठा के दौरान, सभी भारतवासियों का प्रतिनिधित्व करने का निमित्त बनाया है. इसे ध्यान में रखते हुए मैं आज से 11 दिन का विशेष अनुष्ठान आरंभ कर रहा हूं. मैं आप सभी जनता-जनार्दन से आशीर्वाद का आकांक्षी हूं. इस समय, अपनी भावनाओं को शब्दों में कह पाना बहुत मुश्किल है, लेकिन मैंने अपनी तरफ से एक प्रयास किया है.

पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं भावुक हूं. भाव-विह्वल हूं. मैं पहली बार जीवन में इस तरह के मनोभाव से गुजर रहा हूं. मैं एक अलग ही भाव-भक्ति की अनुभूति कर रहा हूं. मेरे अंतर्मन की ये भाव यात्रा, मेरे लिए अभिव्यक्ति का नहीं, अनुभूति का अवसर है. चाहते हुए भी मैं इसकी गहनता, व्यापकता और तीव्रता को शब्दों में बांध नहीं पा रहा हूं. आप भी भली भांति मेरी स्थिति समझ सकते हैं. जिस स्वप्न को अनेकों पीढ़ियों ने वर्षों तक एक संकल्प की तरह अपने हृदय में जिया, मुझे उसकी सिद्धि के समय उपस्थित होने का सौभाग्य मिला है.

 

 

#NarendraModi#AyodhyaRamMandir#RamLalaPranPratistha#RamMandir#PmModi,