(स्पोर्ट्स डेस्क): भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में होने वाला टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला स्पिनर आर अश्विन के लिए बेहद खास होने जा रहा है. भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ का आखिरी मुकाबला 07 मार्च से खेला जाएगा. यह मैच अश्विन के करियर का 100वां टेस्ट होगा. विचंद्रन अश्विन, टेस्ट क्रिकेट में अनिल कुंबले के बाद भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं. मौजूदा इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वह 500 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बने. इंग्लैंड के खिलाफ सात मार्च से शुरू हो रहे पांचवें और आखिरी टेस्ट के जरिये अश्विन अपने कैरियर के सौ टेस्ट पूरे करेंगे. उन्होंने इस बारे में कहा ,‘‘ यह बड़ा मौका है. गंतव्य से ज्यादा सफर खास रहा है. अश्विन ने कहा कि ये सुनने और देखने के लिहाज से बड़ा अवसर है. मेरी तैयारी में इससे कोई बदलाव नहीं आया है. हमें टेस्ट मैच जीतना है.’’ 

अश्विन इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला टेस्ट मैच खेलते हुए भारत के 100 या इससे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले 14वें खिलाड़ी बन जाएंगे. अश्विन से पहले भारत के लिए 100+ टेस्ट मैच सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, अनिल कुंबले, कपिल देव, सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, सौरव गांगुली, विराट कोहली, इशांत शर्मा, हरभजन सिंह, चेतेश्वर पुजारा, वीरेंद्र सहवाग खेल चुके हैं. नवंबर, 2011 में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ दिल्ली में टेस्ट डेब्यू करने वाले रविचंद्रन अश्विन ने अब तक 99 टेस्ट खेल लिए हैं. उन्होंने 187 पारियों में बॉलिंग करते हुए 23.91 की औसत से 507 विकेट चटका लिए हैं. इसके अलावा 140 पारियों में बैटिंग करते हुए उन्होंने 26.47 की औसत से 3309 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 14 अर्धशतक निकले हैं. अश्विन के नाम किसी भी स्पिनर द्वारा बोल्ड और LBW (214; बोल्ड - 101, एलबीडब्ल्यू - 113) द्वारा सबसे ज्यादा विकेट हैं और वह एंडरसन (233) के बाद कुल मिलाकर दूसरे नंबर पर हैं.

#BCCI#TeamIndia#ICC#RAshwin#RavichandranAshwin#Ashwin100thTest#RavichandranAshwin100thTest,