खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)  : लोकसभा चुनाव से ठीक पहले झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन भाजपा में शामिल हो गयी हैं, उन्होंने झारखंड विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। सीता सोरेन ने अपना इस्तीफा झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन को प्रेषित किया है, जिसमें उन्होंने कई आरोप लगाए हैं। सीता सोरेन के खेमा बदलने के बाद जेएमएम का दांव हल्का पड़ सकता है। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने झारखंड की 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। उनके भाजपा खेमे में आने से पार्टी को मजबूती मिल सकती है। सीता सोरेन झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के बड़े पुत्र स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की पत्नी हैं। उनका आरोप है कि पति के निधन के बाद से वे उपेक्षा की शिकार हैं। उन्हें पार्टी और परिवार से सदस्यों से अलग-थलग किया गया, जो उनके लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्हें उम्मीद थी कि समय के अनुसार परिस्थितियों में सुधार होगा, लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हुआ। जानकारी यह भी सामने आ रही है कि दुमका से भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। भाजपा में शामिल होते हुए सीता सोरेन ने कहा कि वे झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार छोड़कर भाजपा परिवार में जुड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में विकास हो रहा है। इसे देखते हुए ही उन्होंने भाजपा से जुड़ने का निर्णय किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए उनके पति ने जो सपना देखा था, वे उसे पूरा करने का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि उनके पति उन्हें राजनीति में आगे बढ़ाना चाहते थे।

#HemantSoren#SitaSoren#BJP#LokSabhaElections2024,